न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। जिले में पशु पालन विभाग खुरपका और मुंहपका बीमारी की रोकथाम के लिए 15 सितंबर से टीकाकरण अभियान चलाएगा। इसके तहत जिले के 4.92 पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने कार्ययोजना तैयार कर ली है। अभियान को सफल बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों ने 19 टीमें लगाई हैं। यह टीमें गांव-गांव जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी। यह अभियान 45 दिन तक चलेगा।
पशुपालन विभाग की ओर से खुरपका मुंहपका रोग से बचाने के लिए गांव-गांव जाकर सर्वे किया गया। इस सर्वे में विभाग ने जिले के 4.92 लाख पशुओं को चिन्हित किया। इसकी रिपोर्ट विभाग की ओर से शासन को भेजी गई। शासन स्तर से इस रिपोर्ट पर मंजूरी लगाने के बाद विभाग को वापस भेज दिया गया।
शासन स्तर से विभाग को टीकाकरण के वेक्सीन की व्यवस्था करा दी गई है। यह टीकाकरण अभियान 15 सितंबर से शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए विभाग ने 19 टीमों की तैनाती कर दी है। यह टीमें गांवों में जाकर पशुपालकों से मिलेंगी और उनके पशुओं में वेक्सीन लगाएंगी। यह टीमें गांवों पशुओं को होने वाले रोगों के बचाव के बारे में जानकारी देगी।
-------------
टीकाकरण अभियान के लिए विभाग ने कार्ययोजना तैयार कर ली है। 15 सितंबर से गांवों में जाकर टीमें टीकाकरण करेंगी। यह अभियान 45 दिन तक चलाया जाएगा।
-डॉ. बीपी सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी