केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दिवाली के मौके पर निशुल्क एलपीजी सिलिंडर वितरित किए जाने के फैसले से लाभार्थियों में खुशी की लहर है। जिले के 1.67 लाख लाभार्थियों को इसका फायदा मिलेगा। योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2023-24 के प्रथम चरण में माह नवंबर से माह दिसंबर और द्वितीय चरण में माह जनवरी 2024 से माह मार्च 2024 तक एक-एक निशुल्क सिलिंडर दिया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुवराज यादव ने बताया है कि जिन लाभार्थियों के बैंक खाते आधार लिंक होंगे और जिनके आधार प्रमाणित होंगे, वही इस योजना का लाभ ले पाएंगे। यह लाभ डीबीसी पर लागू नहीं होगा। उन्होंने बताया है कि योजना का लाभ 14.2 किग्रा के उज्ज्वला लाभार्थियों को ही दिया जाएगा। योजना के संचालन व मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सात सदस्यीय समिति भी गठित की जाएगी।इसे लेकर सभी गैस एजेंसी संचालकों को भी निर्देश जारी किए जा रहे हैं, जिससे लाभार्थियों को आसानी से योजना का लाभ मिल सके।
ऐसे उठाएं लाभ
लाभार्थी का आधार प्रमाणित हो।
लाभार्थी का बैंक खाता आधार से लिंक हो।
लाभार्थी के पास 14.2 किग्रा का सिलिंडर हो ।
लाभार्थी को डीबीसी में पहले सिलिंडर का ही लाभ मिलेगा।