जिला स्तरीय समिति विद्यालयों के भवन, कक्ष क्षमता, सुरक्षा मानक, आवागमन के साधनों की उपलब्धता, छात्रों की संख्या और दूरस्थ विद्यालयों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्यावेदनों की जांच करेगी। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद समिति अंतिम सूची तैयार कर शासन को भेजेगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा जिले में 76 परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी किए जाने के बाद अब केंद्र संचालक बड़े पैमाने पर अपने-अपने विद्यालयों से जुड़े प्रत्यावेदन जमा करा रहे हैं। हाथरस जिले में कुल 164 केंद्र संचालकों ने प्रत्यावेदन जमा कराए हैं, जिनकी जांच जिला स्तरीय समिति जल्द शुरू करेगी।
विज्ञापन
अनंतिम सूची जारी होने के बाद से ही परीक्षा केंद्र बनवाने और हटवाने के लिए विद्यालय संचालक सक्रिय हो गए थे। इनकी तरफ से दिए गए 164 प्रत्यावेदनों में कई तरह की मांगें शामिल हैं। इनमें से 55 आवेदन नए परीक्षा केंद्र बनवाने, 12 आवेदन मौजूदा केंद्र हटवाने, 23 आवेदन केंद्र की धारण क्षमता कम करने, जबकि सबसे अधिक 74 आवेदन परीक्षा केंद्र और विद्यालयों के बीच की दूरी कम कराने से जुड़े हैं।
जिला स्तरीय समिति विद्यालयों के भवन, कक्ष क्षमता, सुरक्षा मानक, आवागमन के साधनों की उपलब्धता, छात्रों की संख्या और दूरस्थ विद्यालयों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्यावेदनों की जांच करेगी। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद समिति अंतिम सूची तैयार कर शासन को भेजेगी। शासन से अनुमोदन मिलने के बाद इसे जारी किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक संतप्रकाश ने बताया कि जल्द ही प्रत्यावेदनों का निस्तारण करते हुए परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची शासन को भेज दी जाएगी।