न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
अलीगढ़ में गोंडा क्षेत्र के गांव मुरवार (नगला झुंझार) के डाकघर में हुए गबन के एक मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन जनपद अलीगढ़ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को शहर केे मुख्य डाकघर पर धरना प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि मुरवार डाकघर हाथरस के मुख्य डाकघर के अधीन आता है।
संगठन के जिला उपाध्यक्ष मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि मुरवार डाकघर का एक डाक कर्मी गांव के करीब 50 लोगों से 11 लाख रुपये की रकम ले गया है और फरार है। शिकायतों के बाद भी इस डाक कर्मी पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है और न ही उनका पैसा वापस दिलाया गया है। किसानों ने अपनी मांग डीएम के समक्ष भी रखी।
समस्या से संबंधित ज्ञापन डीएम और एसडीएम सदर को सौंपा गया। जिला उपाध्यक्ष ने बताया कि धरना देने के दौरान मौके पर डाक विभाग के दक्षिणी उपखंड के निरीक्षक आए और उन्होंने आश्वस्त किया है कि 11 जून तक उनका भुगतान कर दिया जाएगा। आश्वासन के बाद धरने को समाप्त कर दिया गया है। चेतावनी दी गई कि यदि 11 जून तक भुगतान न हुआ तो 16 जून को फिर से धरना प्रदर्शन मुख्य डाकघर पर किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में राजकुमार, विनोद कुमार गौतम, भगवान सिंह आदि लोग मौजूद थे।