संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
इस बार गर्मी के दिनों में सहपऊ ब्लॉक के विद्यालयों में पानी का गहरा संकट खड़ा होता हुआ दिखाई दे रहा है। सहपऊ ब्लॉक के 16 विद्यालयों में पिछले काफी समय से पेयजल के लिए लगे हैंडपंप खराब पड़ेे हैं, ऐसे में बच्चों और शिक्षकों के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। एक मार्च से कक्षा एक से पांचवीं तक के स्कूल खुलने के बाद यह संकट और गहरा सकती है। वहीं, इनमें से कई स्कूलों में पंचायत चुनाव के लिए मतदान बूथ भी बनाए गए हैं। बूथों पर भी जल संकट खड़ा हो जाएगा।
एबीएसए बीएन दैपुरिया ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय नगला ब्राह्मण, नगला मैया, शहबाजपुर, गुतहरा प्रथम, मीरपुरा, नगला सलेम, नगला आम, महरारा, रूदायल, सलेमपुर, बाबली, नवलपुर, मकनपुर, पीहुरा व संविलियन विद्यालय नगला दली, नगला सुखराम में सरकारी हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। इन्हें रिबोर कराए जाने के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को लिखित रूप से पत्र भेजा जा चुका है, लेकिन आज तक इन हैंडपंपों को रिबोर नहीं कराया गया है। इससे बच्चों और शिक्षकों के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। वहीं इन्हीं विद्यालयों में बूथ भी बनाए गए हैं, लेकिन फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।