न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
जिलाधिकारी द्वारा बनाई गईं चार टीमें जिले में बाल मजदूरों की तलाश करेंगी। प्रत्येक तहसील पर एक टीम का गठन किया गया है। इस टीम में शिक्षा विभाग के अधिकारी भी शामिल हैं।
जनपद में बाल श्रमिकों को चिह्नित करने के लिए जिलाधिकारी ने टीमों का गठन किया है। सभी तहसीलों पर एक एक टीम को जिम्मेदारी दी गई है। छह सदस्यीय टीम में एसडीएम, सीओ, एबीएसए, सहायक विकास अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी और श्रम प्रवर्तन अधिकारी शामिल हैं। चारों टीमें 25 जून तक अभियान चलाकर बाल श्रमिकों की खोज और फिर उनके पुनर्वासन की कार्रवाई करेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि टीमों द्वारा चिह्नित बाल श्रमिकों को मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सामने उसी दिन पेश किया जाए और बाल श्रमिकों का आयु परीक्षण 48 घंटे अंदर हो जाना चाहिए। आयु परीक्षण के बाद उन्हें उनके संरक्षक को वापस किया जाएगा। बीएसए हरीशचंद्र ने बताया कि टीमों में संबंधित तहसीलों के एबीएसए भी शामिल हैं। इस संबंध में उन्हें निर्देशित कर दिया गया है।