न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने पश्चिम बंगाल के मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के साथ हुई घटना पर दुख जताया है। आईएमए ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर डॉक्टरों को सुरक्षा देने की मांग की है। इधर, घटना से आक्रोशित डॉक्टर हड़ताल पर भी रहे। हड़ताल के कारण मरीज दिन भर परेशान रहे।
आईएमए के जिला अध्यक्ष डॉ. वीपी गुप्ता और सचिव डॉ. पंकज शर्मा ने बताया कि एनआरएस मेडिकल कॉलेज पश्चिम बंगाल में इलाज के दौरान वृद्ध की मौत के बाद में डॉक्टरों के साथ जो हुआ, उससे डॉक्टरों में काफी रोष है। उम्र के इस पड़ाव पर पहुंचे गंभीर मरीज के लिए चिकित्सक प्रयास तो कर सकते हैं, पर वे कोई भगवान तो नहीं, जो मरीज को अमरत्व प्रदान कर दें। यह घटना पहली नहीं है।
ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। पत्र के माध्यम से आईएमए के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री से ऐसी घटनाओं को रोकने और डॉक्टरों को सुरक्षा देने की मांग की है। इधर, आईएमए के अध्यक्ष डॉ. वीपी गुप्ता, सचिव पंकज शर्मा, कोषाध्यक्ष डॉ. आरवी दुबे, डॉ. हरीशचंद्र, डॉ. विजयकांत, डॉ. एनसी शर्मा, डॉ. आरसी गुलाठी, डॉ. एसके राजू, डॉ. एमसी गुप्ता, डॉ. विनोद सक्सेना आदि हड़ताल पर रहे।