न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
गंदे नाले के निकट बनी बिजली की हाईटेंशन लाइन जर्जर हालत में है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। कनेक्शन के नाम पर बिजली अधिकारी व कर्मचारी सुविधा शुल्क की मांग कर रहे हैं, जिससे लोगों में गुस्सा है। सोमवार को गंदे नाले के निकट बसी न्यू छिपैटी के लोगों ने बिजली महकमे के खिलाफ नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया और जर्जर तार बदलने की मांग की।
दरअसल, कस्बा के विद्यापीठ इंटर कॉलेज के सामने होकर ग्राम रामनगर एवं धिमरपुरा से नगला फतेला के लिए रास्ता जा रहा है। हाईटेंशन लाइन इन्हीं गांवों को विद्युत आपूर्ति देने के लिए बनी है, लेकिन लंबे समय से इसके तार जर्जर हालत में हैं। इसी लाइन से न्यू छिपैटी के लोग घरेलू कनेक्शन लेना चाहते हैं, लेकिन विभागीय कर्मी उनसे सुविधा शुल्क मांग रहे हैं।
सोमवार को इन लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में लायक सिंह, भूदेव प्रसाद, पप्पू, हीरा, रामकिशन, कयूब खां, सकतूमल, कौशल, सोनू, बनवारी लाल, बौबी, सोनवीर, महाराज सिंह, ताराचंद्र आदि लोग शामिल थे। एसडीओ नागेंद्र सिंह का कहना है कि इस तरह की कोई शिकायत अभी तक मेरे संज्ञान में नहीं आई है। अगर शिकायत आएगी तो उसकी जांच कराई जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।