न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए संचालित ‘ओ‘ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना को वित्तीय वर्ष 2018-19 से ऑनलाइन कर दिया गया है। इस योजना में पात्रता की शर्तें भी निर्धारित कर दी गई हैं।
इस योजना के अंतर्गत एक लाख रुपये वार्षिक मात्र शहरी क्षेत्र एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में समान रूप से आय सीमा आने वाले व्यक्तियों को ‘ओ‘ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण अनुमन्य होगा। कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए (10ट़रमीडियट न्यूनतम शैक्षिक अर्ह आवश्यक है।
प्रशिक्षणार्थी की अधिकतम आयु 35 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। प्रशिक्षणार्थी बेरोजगार और किसी शिक्षण संस्था से छात्रवृत्ति नहीं ले रहा हो। प्रशिक्षणार्थी का जिले का मूल निवासी होना अनिवार्य है।
वित्तीय वर्ष 2018-19 में निदेशालय पिछड़ा वर्ग कल्याण द्वारा गठित चयन समिति द्वारा नियमानुसार प्रशिक्षण संस्था त्रिवेदी कॉलेज ऑफ आईटी मैनेजमेंट, बीएच ऑयल मिल वाली गली आगरा रोड हाथरस का चयन किया गया है। ओ लेवल और सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए इच्छुक अभ्यर्थी पिछड़ा वर्ग कल्याण की वेेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से जनसुविधा केंद्र, साइबर कैफे, निजी इंटरनेट केंद्र द्वारा स्वयं ऑनलाइन आवेदन 28 जून से 20 जुलाई तक किया जा सकता है।
अन्य किसी माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन के उपरांत आवेदन पत्र की प्रति प्रिंट आउट प्राप्त कर समस्त अभिलेखों/विवरणों (आय, जाति प्रमाण पत्र और अन्य शैक्षिक अभिलेखों) को संलग्न करते हुए उसकी हार्डकॉपी कार्यालय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, हाथरस विकास भवन, कमरा नंबर 208 में 20 जुलाई तक शाम पांच बजे तक प्राप्त कराया जाना सुनिश्चित करें। इस योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश और समय सारिणी वेेबसाइट पर प्रदर्शित है। आवेदन से पूर्व उनका अध्ययन अवश्य कर लें।