न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
पुनरीक्षित राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम के तहत दूसरे चरण में फिर से हाथरस में 18 जून से 28 जून तक सक्रिय क्षय रोगी खोज अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत घर घर जाकर टीवी रोगियों की खोज की जाएगी। उन्हें उचित उपचार प्रदान किया जाएगा, जिससे कि वह इस बीमारी से बच सकें।
यह जानकारी जिला क्षय रोग केंद्र पर जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एएस वशिष्ठ ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षित राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत सक्रिय क्षय रोगी खोज अभियान में तीन सदस्यीय स्वास्थ्य सर्वे टीम के सदस्य चयनित बस्तियों में घर-घर जाकर टीबी रोग के संभावित रोगियों को खोजेंगे। यह सदस्य संभावित रोगियों के बलगम के नमूने एकत्रित करेंगे। इसके लिए सभी 68 टीमों को प्रशिक्षित भी कर दिया गया है।
अभियान के तहत एक लाख 70 हजार की आबादी के तहत नगर पालिका हाथरस में 50 हजार, नगर पंचायत सासनी में 25 हजार, नगर पंचायत सादाबाद में 25 हजार, नगर पंचायत सहपऊ में 15 हजार, नगर पंचायत मुरसान में 15 हजार, नगरपालिका सिकंदराराऊ में 25 हजार और नगर पंचायत हसायन में 15 हजार की आबादी को आच्छादित किया जाएगा। एक टीम एक दिन में 50 घरों का भ्रमण करेगी। हाथरस में 20, सासनी में 10, सादाबाद में 10, सहपऊ में छह, मुरसान में छह, सिकंदराराऊ में 10, हसायन में छह टीमें काम करेंगी।