न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)।
मौमनाबाद में बिजली की चिंगारी से खेत में लगी आग के मामले में विद्युत विभाग के एसएसओ दिनेश पाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने छह नामजद और छह अज्ञात लोगों पर सरकारी काम में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। जिसके आधार पर पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
दरअसल रविवार की सुबह ग्राम मौमनाबाद में चिंगारी से लगी आग में खेत में रखे गेहूं के लांक जल गए थे। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश भड़क उठा था। ग्रामीणों का आरोप है कि खेत के ऊपर होकर जा रही विद्युत लाइन को ठीक कराने के लिए कई बार प्रयास किए थे। लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हुआ था। इस कारण खेत में आग लग गई थी।
ग्रामीणों ने इसे विद्युत विभाग की लापरवाही मानते हुए बिजलीघर पर आकर कर्मचारियों से नोक-झोंक और मारपीट की थी। एसएसओ का आरोप है कि इस दौरान एक मोबाइल भी गायब हो गया था। विद्युत विभाग के कर्मचारी थाने आए थे। लेकिन उच्च अधिकारियों के न आने के कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। देर रात घटना की रिपोर्ट एसएसओ दिनेश पाल ने भादसं की धारा 147 , 149 , 323, 506, 427 , 353, 332 के तहत दर्ज कराई है।