न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
हाथरस। जिले में बेसिक शिक्षा विभाग ने 149 प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के भवनों की मरम्मत कराए जाने के लिए जिलाधिकारी को प्रस्ताव भेजा था। डीएम ने ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग को इन सभी विद्यालयों का निरीक्षण कर इनका एस्टीमेट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। आरईएस विभाग ने बीएसए को अब 88 विद्यालयों के एस्टीमेट बनाकर प्रस्तुत किए हैं। इन सभी विद्यालयों की मरम्मत पर करीब 1.51 करोड़ रुपये का खर्च आने की जानकारी दी गई है।
जिले में पिछले करीब पांच शिक्षा सत्रों से बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों के निर्माण एवं मरम्मत के लिए सर्वशिक्षा परियोजना से कोई पैसा उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे विद्यालयों के भवनों की स्थिति खराब होती जा रही है। विभाग ने इस संबंध में करीब छह माह पूर्व तत्कालीन डीएम को विद्यालय भवनों की स्थिति से अवगत कराया था। डीएम ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग के एक्सईएन को निर्देश दिए।
विभाग ने 88 विद्यालयों की मरम्मत पर 1.51 करोड़ रुपये की लागत आने की बात कही है, जबकि बाकी 61 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के एस्टीमेट भी शीघ्र ही विभाग को उपलब्ध कराए जाने का वादा किया है। विभाग इन विद्यालयों में भी मरम्मत के लिए करीब एक करोड़ रुपये की आवश्यकता मानकर चल रहा है।
---------
- विद्यालयों की मरम्मत के लिए आरईएस विभाग ने 88 विद्यालयों के एस्टीमेट उपलब्ध कराए हैं, जिनमें 1.51 करोड़ रुपये की लागत बताई है। इस संबंध में शीघ्र ही शासन को अवगत करा दिया जाएगा। पैसा मिलने के बाद मरम्मत कार्य कराए जाएंगे।
- हरिश्चंद्र, बीएसए