न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। गांव नगला किशोर के ग्रामीणों ने अब जनप्रतिनिधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने रोड नहीं तो वोट नहीं का भी ऐलान कर दिया है। गांव नगला किशोर में संपर्क मार्ग को बनाने के लिए लंबे समय मांग चली आ रही है। मंगलवार को ग्रामीणों ने गांव में प्रदर्शन भी किया।
ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के 70 साल बाद भी संपर्क मार्ग नहीं बन सका है। इस ज्वलंत समस्या को लेकर सभी ग्रामीण अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा चुके हैं। यहां तक कि इस समस्या के निदान के लिए पीएमओ ऑफिस भी पत्राचार कर चुके हैं, लेकिन यह समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या के निस्तारण के लिए डीएम, सांसद और विधायक ने भी आश्वस्त किया था, लेकिन अभी तक सड़क निर्माण नहीं हो सका है। इस सड़क के बनने से नजदीक के चार गांवों के लोगों को भी आवागमन में आसानी होगी।
ग्रामीणों का कहना है कि पक्की सड़क के नहीं होने के कारण कृषि मंडी जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस मौके पर मनोज सिंह, जसवंत सिंह, त्रिलोक सिंह, नरायन सिंह, रोहित सिंह, महावीर सिंह, रविंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, प्रताप सिंह, जय प्रकाश सिंह, निरंजन सिंह आदि मौजूद थे।