स्कूली वाहन को सीज करते अधिकारी। स्रोत : स्वयं
- फोटो : Samvad
स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध तरीके से संचालित हो रहे 12 स्कूली वाहनों को सीज कर दिया। यह कार्रवाई हाल ही में कासगंज और आगरा में हुई घटनाओं के बाद की गई है।
परिवहन विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाते हुए तीन टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में करीब 200 स्कूली वाहनों की जांच की। जांच के दौरान कई ऐसे वाहन सामने आए, जो बिना अनुमति, बिना फिटनेस और नियमों की अनदेखी कर बच्चों को लाने-ले जाने में लगे हुए थे। अभियान के दौरान दो ऐसे वाहन भी पकड़े गए, जिनके पास फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं था।
इन्हें तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। एआरटीओ लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि कई स्कूलों में निजी वाहनों के जरिये भी बच्चों को लाया-ले जाया जा रहा था, जो नियमों के खिलाफ है। जांच के दौरान जर्जर और खराब हालत में चल रहे वाहनों पर विशेष फोकस रखा गया। एआरटीओ ने वाहनों के फर्श, बॉडी की मजबूती, सीटिंग व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की। कई वाहनों में सुरक्षा के जरूरी इंतजाम भी नहीं पाए गए। अभियान 30 मार्च तक जारी रहेगा।