सीएमओ कार्यालय स्थित कोविड जांच केंद्र। संवाद
- फोटो : Samvad
कोरोना के मामलों में एक बार फिर हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में कोविड जांच का दायरा बढ़ा दिया है। शहर के बागला जिला अस्पताल सहित नौ स्थानों पर कोविड की जांच की जा रही है। बीते नौ दिन में जिले में 12 सौ लोगों की आरटीपीसीआर व एंटीजन किट के माध्यम से जांच की गई। राहत की बात यह रही कि जांच में सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
बेशक अभी तक जिले में कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट से संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है, फिर भी कोरोना के नए वैरिएंट को स्वास्थ्य विभाग हल्के में नहीं ले रहा है। यहीं वजह है कि स्वास्थ्य विभाग किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। जिले में सर्दी, जुकाम, बुखार और वायरल से पीड़ित मरीजों की आरटीपीसीआर व एंटीजन किट के माध्यम से कोरोना की जांच कराई जा रही है। शहर के एमडीटीबी हॉस्पिटल को कोविड अस्पताल के लिए तैयार कर लिया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बागला जिला अस्पताल और सीएमओ कार्यालय परिसर में स्थित कोविड जांच केंद्र व जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर संदिग्ध मरीजों की आरटीपीसीआर व एंटीजन किट के माध्यम से कोविड जांच कराई जा रही है। बीते 26 दिसंबर से तीन जनवरी तक जिले में लगभग 12 सौ लोगों की कोविड जांच की जा चुकी है। अच्छी बात यह कि इन सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
कोरोना के नए वैरिएंट को देखते हुए विभाग पूरी तरह से तैयार है। जिला अस्पताल सहित जिले के नौ केंद्रों पर सर्दी, जुकाम, बुखार के संदिग्ध मरीजों की कोविड जांच की जा रही है। बीते नौ दिन में जिले में लगभग 12 सौ लोगों की कोविड जांच की गई। जांच में सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
-डॉ. नरेश गोयल, प्रभारी सीएमओ