कोयले से सुलग रहीं 12 भट्टियों को कराया बंद, दो ध्वस्त
नगर पंचायत की टीम ने वसूला 5250 रुपये का जुर्माना, मचा हड़कंप
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद। टीटीजेड में कोयले की भट्टियों को सुलगाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, लेकिन मनाही के बाद भी दुकानदार निर्देशों को हवा में उड़ा रहे हैं। मंगलवार को भी विनोवा नगर चौराहे पर कई मूंगफली की स्टॉल्स, नाश्ते की दुकान और मिठाई विक्रेताओं, चाय विक्रेताओं के यहां सुलग रही कोयले की भट्टियों को बंद करा दिया गया। दो भट्टियों को ध्वस्त भी कराया गया। इन दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई।
गौरतलब हो कि टीटीजेड को वायु प्रदूषण से बचाने के लिए टीटीजेड इलाके में कोयले की भट्टियों को सुलगाने की साफ मनाही है, लेकिन दुकानदार आदेशों की अवहेलना कर रहे थे। शुक्रवार को भी अभियान चलाकर कई कोयले से सुलगती मिलीं भट्टियों को बंद कराया गया था। शनिवार को फिर से नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी लल्लनराम यादव के निर्देश पर शैलेंद्र वार्ष्णेय और अनुपम गुप्ता की देखरेख में टीम में शामिल वीरेंद्र चौहान, मुकेश कुमार, मनोज कुमार, दिलीप कुमार, ह्देश कुमार ने विनोवा नगर चौराहे पर अभियान चलाया।
इस दौरान 12 भट्टियां कोयले से सुलगती हुई मिलीं। इन सभी को बंद करा दिया गया। दो कोयले की भट्टियों को ध्वस्त भी कराया गया। करीब 5250 रुपये का जुर्माना भी भट्टी सुलगा रहे दुकानदारों से वसूला गया। इन दुकानदारों को कोयले की भट्टी न सुलगाने की कड़ी चेतावनी दी गई।