क्राइम न्यूज, अमर उजाला हाथरस।
अमर उजाला की पहल पर उत्थान स्टार्ट-अप और स्वरोजगार के तहत कृषि विज्ञान केंद्र पर पांच दिन चले कृषक प्रशिक्षण का शुक्रवार को समापन हुआ। अंतिम दिन किसानों को जैविक विधि से खेती कर अच्छी पैदावार लेने की सीख दी गई।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर और अमर उजाला के संयुक्त तत्वावधान में 11 फरवरी को शुरू हुए कृषक प्रशिक्षण का शुक्रवार को समापन हुआ। यहां पर किसानों को मशरूम और पशुपालन के बारे में जानकारी देते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने शुक्रवार को जैविक खेती के बारे में बताया।
केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. एसआर सिंह ने बताया कि जैविक खेती के लिए फसल चक्र का महत्व विषय पर जानकारी दी। यहां पर किसानों को जैविक खाद, जैविक कीटनाशक व रोगनाशी दवाओं के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।
डॉ. एसके रावत ने जैविक खेती में पशुपालन के महत्व के बारे में जानकारी दी। केवीके के अध्यक्ष/वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एके सिंह ने फसलों के जैविक उत्पादन के लाभ के बारे में विस्तार से बताया। इस मौके पर रामगोपाल शर्मा, धर्मवीर सिंह, प्रेम सिंह, रामवीर सिंह आदि मौजूद थे।