नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद मंगलवार को सभी रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स ने नामांकन पत्रों की जांच की। नगर पालिका सिकंदराराऊ के अध्यक्ष पद के लिए एक नामांकन पत्र निरस्त हो गया।
इस प्रकार अब दो नगर पालिका एवं सात नगर पंचायतों के लिए कुल 112 प्रत्याशी चुनाव मैदान में होंगे, जबकि सदस्य के लिए कोई नामांकन पत्र निरस्त नहीं हुआ। 792 प्रत्याशी चुनाव मैदान में होंगे, जबकि सहपऊ के वार्ड संख्या 10 से निर्दल प्रत्याशी संजीव कुमार का निर्विरोध निर्वाचित होना तय है, क्योंकि उनके सामने अन्य कोई नामांकन पत्र दाखिल ही नहीं हुआ था।
एडीएम रेखा एस चौहान ने बताया कि नगर पालिका हाथरस के अध्यक्ष पद के लिए सभी 23 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं, जबकि वार्ड सभासद पद के सभी 183 नामांकन जांच के बाद वैध मिले। नगर पालिका सिकंदराराऊ में अध्यक्ष पद के लिए 12 आवेदन पत्र मिले थे। इनमें से एक नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम सिकंदराराऊ ज्योत्सना बंधु अवैध घोषित किया, जबकि सभासद पद के सभी 183 आवेदन वैध पाए गए हैं। जांच में सपना गौतम पत्नी सौरभ वार्ष्णेय की आयु मानक से कम पाई गईं।
इसके चलते उनका पर्चा निरस्त कर दिया गया है। नगर पंचायत मेंडू के अध्यक्ष पद के लिए 16 आवेदन वैध पाए गए। सदस्य के लिए 69 आवेदन वैध मिले। नगर पंचायत मुरसान के अध्यक्ष पद के लिए आठ आवेदन वैध मिले, जबकि सभासद पद के लिए 49 आवेदन वैध मिले। नगर पंचायत हसायन के अध्यक्ष पद के लिए सभी आठ आवेदन वैध मिले, जबकि सदस्य पद के लिए 44 आवेदन वैध मिले, नगर पंचायत पुरदिलनगर के अध्यक्ष पद के लिए सभी 13 आवेदन वैध मिले और सदस्य पद के लिए भी सभी 69 आवेदन वैध पाए गए। नगर पंचायत सादाबाद के अध्यक्ष पद के लिए सभी 14 आवेदन वैध मिले, जबकि सदस्य पद के भी 93 आवेदन वैध पाए गए।
नगर पंचायत सहपऊ के अध्यक्ष पद के लिए 13 आवेदन वैध मिले और सदस्य पद के 43 आवेदन वैध पाए गए। नगर पंचायत सासनी के अध्यक्ष पद के लिए सभी छह आवेदन वैध और सदस्य पद के लिए 61 आवेदन वैध पाए गए।