न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
बिजली उपभोक्ताओं के लिए ज्यादा बिलिंग मामले से राहत मिलेगी। अब उन्हें मार्च से सही बिल मिलेंगे, क्योंकि विभाग के अधिकारी और कर्मी क्रास चेकिंग करेंगे। बिलिंग एजेंसी की मनमानी की शिकायतों के बाद अफसरों ने बिलिंग को सब स्टेशनों से जोड़ने का निर्णय लिया है।
उच्चाधिकारियों ने इसके लिए प्रारूप भेजा है। जेई और टीजीटू नोडल अफसर बनाए गए हैं। यदि इस काम में लापरवाही बरती तो कर्मियों पर कार्रवाई होगी।
बता दें कि जिले में 62 बिजलीघरों के जरिए करीब डेढ़ लाख लोगों को बिजली सप्लाई दी जाती है। इसमें काफी उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनको बिल नहीं पहुंच रहे हैं। तमाम उपभोक्ताओं पर गलत बिल पहुंच रहे हैं। इस कारण लोग कार्यालय के चक्कर काटते रहते हैं।
इससे अधिकारियों को यह लग रहा है कि बिलिंग एजेंसी मनमानी कर रही है। लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए बिलिंग एजेंसी को सबस्टेशनों से जोड़ा जा रहा है। जेई और टीजीटू को बिलिंग का नोडल अफसर बनाया गया है। मीटर रीडर सुबह से शाम तक काम करने के दौरान जेई और टीजीटू के संपर्क में रहेंगे। साथ ही खुफिया तरीके से बिल और मीटर की रीडिंग की क्रॉस चेकिंग भी करेंगे।
एमडी आफिस से एक प्रारूप आया है, जिसमें सबस्टेशन नाम, कर्मी का नाम पदनाम, मोबाइल नंबर आदि बिंदु अंकित है। विभाग के इस कदम से लोगों को जरूर राहत मिलने की उम्मीद है। इस मामले में निगम के प्रबंध निदेशक एसके वर्मा का कहना है कि बिलिंग एजेंसी को सबस्टेशनों से जोड़ा जा रहा है।