न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
हाथरस। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सोमवार को 70वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया।। इस दिन पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ शहर में विशाल वाहन रैली निकाली। वाहन रैली का कई जगह पर फूल बरसा कर स्वागत भी किया गया।
रैली का शुभारंभ पुरानी कलेक्ट्रेट से हुआ। एबीवीपी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और प्रांत प्रमुख डॉ. राकेश चतुर्वेदी ने रैली को एबीवीपी का झंडा दिखाया। उन्होंने कहा कि 9 जुलाई का दिन सभी छात्र समाज के लिए महत्वपूर्ण दिन है। आज से 69 साल पहले एबीवीपी की स्थापना हुई। राष्ट्र के पुनर्निर्माण के व्यापक संदर्भ में शिक्षा के क्षेत्र में आदर्श छात्र आंदोलन का निर्माण तथा संचालन का लक्ष्य लेकर 9 जुलाई 1949 को दिल्ली में एबीवीपी का पंजीयन हुआ।
आज एबीवीपी देश का ऐसा युवा संगठन है, जिसमें वंदेमातरम के नारे को प्रत्यक्ष सक्रियता में बदल दिया है। हजारों छात्र अपनी पढ़ाई के साथ भारत माता की जय को साकार करने में लगे हैं। रैली संयोजक दिव्य भारद्वाज ने कहा कि एबीवीपी स्थापना काल से ही छात्र और राष्ट्र हित के मुद्दों को उठाता रहा है। विद्यार्थी परिषद देश विरोधी मुद्दों के खिलाफ बढ़ चढ़कर अपनी भूमिका निभाता आया है। जिला संयोजक सौरभ शर्मा ने कहा कि एबीवीपी छात्रहित में काम करने वाला एकमात्र संगठन है।
आज छात्र दिवस के रूप में संगठन को 70 साल हो गए हैं। रैली पुरानी कलेक्ट्रेट से शुरू होकर कमला बाजार, रामलीला मैदान, सरक्यूलर रोड, चक्की बाजार, नयागंज, मोती बाजार, लोहट बाजार, चूना वाला डंडा, चामड़ गेट होते हुए डीआरबी इंटर कॉलेज के पास शहीद भगत सिंह पार्क पर संपन्न हुई। एबीवीपी कार्यालय पर जिला छात्रा प्रमुख शिवानी शर्मा, सुषमा सिंह, और अनुराधा ने रैली में शामिल सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के ऊपर फूल बरसाए।
रैली के समापन पर सदर विधायक हरीशंकर माहौर और चेयरमैन आशीष शर्मा भी पहुंचे। इनके साथ प्रांत प्रमुख ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रैली का समापन किया। इस मौके पर जिला प्रमुख अनुराग शर्मा, जिला संगठन मंत्री अतुल भारद्वाज, जिला मीडिया प्रभारी गोपाल अग्निहोत्री, अविनाश, अभिषेक, अंकित माथुर, अर्चित गौतम, दीपक शर्मा, दीपक, रूपेश, रजत, तरूण उपाध्याय, मुकुल, विपुल, मयंक, अभि, विकास, हर्ष, अंकित, नवनीत गौतम, प्रशांत आदि थे।