न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
गोरखपुर-बांद्रा एक्सप्रेस में एक व्यक्ति का हजारों रुपयों से भरा बैग छूट गया। स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर गार्ड ने बैग को कासगंज पर कब्जे में ले लिया। रविवार को सुबह गार्ड और स्टेशन अधीक्षक ने यात्री को बैग सौंप दिया।
पटियाली के दिनेश सिंह गोरखपुर बांद्रा में पीछे से दूसरे नंबर की बोगी में यात्रा कर रहे थे। ट्रेन रुकने पर वह हाथरस सिटी स्टेशन पर लघुशंका के लिए गए। जब वह वापस आए तो ट्रेन चली गई। वह स्टेशन पर रोने लगे। वहां स्टेशन अधीक्षक कालीचरन कुशवाहा व अन्य कर्मी आए गए।
उन्होंने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। साथ ही फोन से गार्ड को सूचना दी। गार्ड अतुल शर्मा ने बैग को अपने कब्जे में ले लिया, जिसमें दस हजार नौ सौ रुपये और अन्य सामान था। रविवार को यात्री को बुलाकर स्टेशन अधीक्षक और गार्ड ने रुपयों से भरा बैग उसको सौंपा। यात्री दिनेश सिंह ने रेलवे अधिकारियों को धन्यवाद दिया।