आधा दर्जन किराना स्टोरों पर की छापेमारी
क्रासर
प्रतिबंधित दवाओं की बरामदगी के लिए चलाया अभियान
औषधि विभाग व खाद्य विभाग की टीम ने की संयुक्त कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
हाथरस। शासन के निर्देश पर दवाओं का नशे के रूप में दुरुपयोग रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस क्रम में शुक्रवार को औषधि निरीक्षक ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को लेकर संयुक्त रूप से सासनी क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक किराना स्टोरों के यहां छापेमार कार्रवाई की, जिससे किराना स्टोर संचालकों और दवा विक्रेताओं में खलबली मच गई। दुकानों के साथ उनके गोदामों की भी तलाशी की गई।
टीम ने रूपकिशोर किराना स्टोर रुहेरी, उपेंद्र सिंह संतुलित पशु आहार जलेसर रोड, आमिर खान किराना स्टोर, विकास शर्मा किराना स्टोर जलेसर रोड, श्री जनरल स्टोर ठंडी सड़क सासनी, श्री बांके बिहारी जनरल स्टोर जलेसर रोड, शिवम जनरल स्टोर सासनी आदि जनरल स्टोरों पर छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन के इंजेक्शनों का स्टॉक देखा गया। हालांकि विभागीय अधिकारियों को दुकानों से कुछ भी बरामद नहीं हो सका। इस अवसर पर सामान के रखरखाव को भी देखा गया। टीम ने स्वच्छता बनाए रखने के लिए सभी दुकानदारों को निर्देशित किया। टीम में औषधि निरीक्षक दीपक कुमार, खाद्य विभाग से ओपी सिंह, केएल वर्मा, मुनेंद्र सिंह राणा, हरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।