जिले भर में नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से निपट गई। जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा हुई। परीक्षा में जिले में 3,907 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 2,283 ने हिस्सा लिया, जबकि 1,624 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
प्रवेश परीक्षा के लिए शहर में पीबीएएस इंटर कॉलेज हाथरस, सरस्वती इंटर कॉलेज हाथरस, एमएल इंटर कॉलेज सहपऊ, सादाबाद इंटर कॉलेज सादाबाद, सीता राम सिंह गड़ौला इंटर कॉलेज गड़ौला, जीएसएएस इंटर कॉलेज सादाबाद, जीएसएएस इंटर कॉलेज मुरसान एवं केएल जैन इंटर कॉलेज सासनी को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा शांतीपूर्वक कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक जेके मलिक ने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही नवोदय विद्यालय अगसौली की प्रधानाचार्या ने भी अपनी टीम के साथ सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। सुबह से ही सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के अभिभावकों की भीड़ रही। सुरक्षा के लिए सभी जगहों पर पुलिस फोर्स भी तैनात रही। दोपहर को शांतिपूर्ण परीक्षा निपटने के बाद सरकारी मशीनरी ने राहत की सांस ली।