बेनीगंज। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र अल्लीपुर गांव में 22 अप्रैल को हुई मारपीट में घायल युवक की उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को मौत हो गई।
अल्लीपुर निवासी रंजीत (26) खेती करता था। उसके भाई पप्पू ने बताया कि 22 अप्रैल को परिवार में ही एक बिटिया की शादी थी। इसी दौरान चचेरा भाई ब्रजेश कश्यप टेंट का सामान लेकर डाला निकाल रहा था। इसकी चपेट में आकर गांव निवासी ओमकार यादव के घर के लिए गई बिजली की लाइन टूट गई थी। इसको लेकर ओमकार के पुत्रों, सूरज और अंकुश व अन्य परिजनों का विवाद हो गया था। इसी विवाद में रंजीत को लाठी डंडों से पीट दिया गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज कर लिया था। रंजीत का उपचार हरदोई शहर में लखनऊ रोड पर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार की सुबह हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने मेडिकल कालेज के रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर लखनऊ मेडिकल कालेज जा रहे थे रास्ते में ही रंजीत की मौत हो गई।
कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि 22 अप्रैल को ही मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर घटना में धाराएं बढ़ाई जाएंगी।