हरदोई। इस वर्ष का अब तक का सबसे गर्म दिन शुक्रवार रहा। पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया। आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवाओं ने भी लोगों के लिए मुसीबत कर दी। भीषण गर्मी और तीखी धूप से बचने के लिए लोग अलग अलग उपाय भी करते नजर आए।
बीती 13 मई से तापमान बढ़ने का सिलसिला शुरू हुआ था। हर रोज तापमान बढ़ रहा था। बृहस्पतिवार को भी तापमान बढ़ने और गर्म हवाएं चलने की जानकारी मौसम विभाग की वेधशाला के प्रेक्षक की ओर से दी गई थी। शुक्रवार सुबह बहुत ज्यादा गर्मी नहीं थी, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी भी बढ़ने लगी। पारा तेजी से बढ़ता गया और देर शाम जब वेधशाला से रिपोर्ट जारी की गई तो अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान बढ़ने के कारण लोग गर्मी से परेशान नजर आए। रही सही कसर आठ किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली पश्चिम की हवाओं ने पूरी कर दी। बेधशाला के प्रेक्षक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी पड़ेगी। उन्होंने तापमान बढ़ने की संभावना से भी इनकार नहीं किया। उन्होंने बताया कि न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
एक नजर पिछले कुछ दिनों के तापमान पर
तारीख अधिकतम न्यूनतम
17 मई 43 26.5
16 मई 42 26.5
15 मई 41.02 27
14 मई 40 27
13 मई 37.5 27.5
12 मई 38 24.5
11 मई 33.5 24
10 मई 37.5 25