हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के कुतुवापुर गांव में बीते बुधवार को दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में घायल युवक की उपचार के दौरान लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई।
शनिवार को शव आने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर शव रखकर हंगामा किया। पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही करने का आरोप लगाया।
कोतवाली शहर के कुतुवापुर गांव में गांव के ही जयराम, तौले, इच्छाराम और मंशाराम अपने मकान का दरवाजा गलत ढंग से बनवा रहे थे। इसको लेकर पड़ोसी मनोज कुमार ने विरोध किया। आरोप है कि विरोध से नाराज हुए लोगों ने मनोज के घर में घुसकर उसके भाई सुदेश (25) और पुत्र सुरजीत के साथ ही घर में मौजूद पल्लवी और मीना को पीट दिया।
घटना में घायल हुए लोगों काे जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां से सुदेश को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। शुक्रवार को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में ही सुदेश की मौत हो गई। घटना को लेकर बुधवार को ही पुलिस ने मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। शनिवार को शव गांव आने पर परिजन और ग्रामीण लामबंद हो गए।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर शव गांव में ही रखकर प्रदर्शन करने लगे। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि मामले में गैर इरादतन हत्या की धाराएं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बढ़ाई जाएंगी।