फोटो-16- आदेश। स्रोत: परिजन
-देहात कोतवाली क्षेत्र के रारा तिराहे पर हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। पिहानी मार्ग पर देहात कोतवाली क्षेत्र के रारा तिराहा पर दो बाइकों की टक्कर हो गई। शनिवार की सुबह हुए हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे बाइक सवार को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के जिओ गांव निवासी आदेश दीक्षित (20) बिलग्राम चुंगी के पास एक परचून की दुकान पर काम करते थे। आदेश के पिता राजेश दीक्षित के मुताबिक, आदेश शुक्रवार की शाम काम करके रात में शहर के एक रिश्तेदार के यहां रुक गए थे। शनिवार की सुबह बाइक से वह गांव जा रहे थे।
इस दौरान पिहानी की ओर से हरियावां थाना क्षेत्र के चंदेली गांव निवासी आलोक (25) बाइक से शहर की ओर जा रहे थे। देहात कोतवाली क्षेत्र के रारा मोड़ पर दोनों बाइकों में टक्कर हो गई। दोनों बाइक सवार सिर के बल सड़क पर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल आदेश की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने एंबुलेंस से आलोक को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज किया गया। मृतक तीन भाइयों और दो बहनों में दो नंबर पर था। आदेश की मां सुमन पुत्र का शव देखकर बिलख पड़ीं। देहात कोतवाल विनोद यादव ने बताया कि शव का पंचनामा भरा गया है। परिजनों की तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।