माधौगंज। थाना क्षेत्र के सेलापुर रोड पर गोपलिया मोड़ के पास बृहस्पतिवार शाम दो बाइकों की टक्कर हो गई। घटना में बाइक सवार हलवाई की मौत हो गई जबकि उसकी गर्भवती पत्नी समेत चार लोग घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर गर्भवती को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल ले गए।
हसनपुर ज्योली निवासी शिवम (25) हलवाई थे। पत्नी निधि (24) के साथ बृहस्पतिवार शाम माधौगंज गए थे। वहीं से बुआ रानी (28) के घर परचल रसूलपुर चले गए थे। पिता राम गोपाल ने बताया कि देर शाम शिवम परचल से पत्नी निधि, बुआ रानी और उनके दो बच्चों को लेकर बाइक से घर जा रहे थे। इस दौरान मुनौरापुर की तरफ से आए तेज रफ्तार बाइक सवार ने शिवम की बाइक में टक्कर मार दी।
घटना में शिवम, निधि और रानी और उनके दोनों बच्चे घायल हो गए। एंबुलेंस से पांचों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से शिवम और निधि को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में शिवम को मृत घोषित कर दिया गया। थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि दूसरी बाइक भी मौके पर पड़ी मिली है। बाइक कब्जे में ली गई है। पंजीकरण संख्या के आधार पर जानकारी जुटाई जा रही है।
गोद भरने से पहले ही उजड़ गई मांग
शिवम की शादी 14 माह पहले हुई थी। पत्नी निधि इन दिनों गर्भवती हैं। परिवार में खुशियां आने वाली थीं। गोद भरने को लेकर शिवम और निधि बेहद खुश थे। गोद भरने से पहले ही सड़क हादसे में शिवम की मौत हो जाने से निधि की मांग उजड़ गई।