हरदोई। परिषदीय विद्यालयों केे विद्यार्थियों को नई तकनीक से शिक्षा प्रदान की जाएगी। एनसीईआरटी की ओर से कक्षा एक व दो के लिए नया पाठ्यक्रम तैयार किया गया है। नए पाठ्यक्रम की शिक्षा के पूर्व शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। बेसिक विद्यालयों में शिक्षा के स्तर में सुधार होगा।
नई शिक्षा नीति के तहत परिषदीय विद्यालयों में एनसीईआरटी की गाइड लाइन के अनुसार कक्षा एक व दो के पाठ्यक्रम में बड़े बदलाव किए गए है। इस बदलाव के अनुरूप विद्यालयों में शिक्षण कार्य कराया जाएगा। जिसमें कई नई तकनीक भी शामिल है। कक्षा एक दो के बाद आगे की कक्षाओं के भी पाठ्यक्रम में बदलाव किया जाएगा। विद्यालयों में नई तकनीक से शिक्षा देने से पहले शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रत्येक जिले के चार- चार शिक्षकों को अलग - अलग विषय के पाठ्यक्रम के विषय में प्रशिक्षण देकर मास्टर ट्रेनर बनाया जाएगा। मास्टर ट्रेनर जिले के शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। नए पाठ्यक्रम के लागू होने से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। जिला समन्वयक राकेश शुक्ला ने बताया एनसीईआरटी की गाइड लाइन के अनुसार शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इससे विद्यालयों में शिक्षण कार्य बेहतर हो सकेगा।