कासिमपुर। कासिमपुर थाना क्षेत्र के सरेहरी माडर मार्ग पर सोमवार शाम पिकप ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को सीएचसी से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
उन्नाव जनपद के बांगरमऊ थाना क्षेत्र के काशीरामखेड़ा निवासी शिव मंगल अपने पुत्र आदर्श (10) और गांव के ही मुकेश (30) के साथ बाइक से घर जा रहे थे। कासिमपुर थाना क्षेत्र में सरेहरी माडर मार्ग पर अटुका गांव के सामने पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहंदर पहुंचाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि परिजन तीनों को प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए ले गए। थानाध्यक्ष रामलखन ने बताया कि घटना की जानकारी है, लेकिन कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।