भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के भैंसासुर गांव में रविवार सुबह करंट लगने से युवक झुलस गया। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरावन ले गए। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सीएचसी प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
भैंसासुर गांव निवासी छंगा का पुत्र नीरज (18) बंगलुरू में मजदूरी करता था। पिछले दो माह से वह गांव में ही था। रविवार सुबह 10 बजे वह शौच के लिए गांव के बाहर जा रहा था। इसी दौरान गांव के पश्चिम खड़ंजे के किनारे लगे बिजली के पोल और सपोर्ट वायर में करंट उतर आया। इससे नीरज गंभीर रूप से झुलस गया।
भाई प्रद्युम्न ने बताया कि गंभीर हालत में नीरज को लेकर सीएचसी भरावन गए। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। नीरज छह भाई-बहनों में सबसे छोटा और अविवाहित था। बेटे की मौत की जानकारी पर मां रामश्री बदहवास हो गईं। प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश सिंंह सेंगर ने बताया कि सीएचसी प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। भाई प्रद्युम्न की सूचना पर करंट लगने से मौत होने की बात पता चली है।