बेनीगंज। कोतवाली क्षेत्र के लालपुर में मंगलवार देर रात युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पत्नी का कहना है कि नशे में आने पर उसने पति को टोका था। बुधवार को पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
लालपुर निवासी मंजेश (30) खेती करते थे। पत्नी वरुणा ने बताया कि मंगलवार रात मंजेश शराब पीकर घर आए थे। खाना खाने के बाद वह बेकार की बातें कर रहे थे। इस पर पत्नी ने शराब पीकर आने पर नाराजगी जताई। कुछ देर कहासुनी के बाद मंजेश मकान के पिछले हिस्से में बने कमरे में चला गया। वरुणा दोनों बच्चों को लेकर आंगन में सो गईं।
रात लगभग 11 बजे वरुणा जागी तो मंजेश को देखने कमरे में गईं। इस दौरान मंजेश का शव पत्नी वरुणा की साड़ी के फंदे से लटका मिला। वरुणा ने शोर मचाया तो पड़ोसी आ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि घटना को लेकर परिजन ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं। मामला खुदकुशी का है।