भइया दूज मनाने मायके जा रही युवती की सड़क हादसे में मौत हो गई। उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलापुर बहेड़ा निवासी रुचि पाल (22) शनिवार को पति श्रीश (27) पुत्र राजकरन के साथ बाइक से मायके ग्राम जलालपुर जा रही थी। बेहटा गोकुल पिहानी रोड पर ग्राम करावां के निकट पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रुचि और श्रीश दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रुचि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि श्रीश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने बताया कि जलालपुर निवासी रामाधार की बेटी रुचि की शादी छह माह पहले ही श्रीश के साथ हुई थी। एसओ मझिला अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।