कछौना (हरदोई)। शादी टूटने से आहत युवती ने युवक के घर पहुंचकर बुधवार शाम खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी युवती को युवक और उसकी मां पुलिस के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना ले गए। जहां से गंभीर हालत में युवती को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। देर शाम लखनऊ में युवती की मौत हो गई।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी शिक्षक ने बताया कि उनका पुत्र एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। उन्होंने पुत्र की शादी शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की पुत्री के साथ तय की थी। बाद में शादी टूट गई थी। बुधवार शाम चार बजे युवती आटो से उनके घर पहुंची। घर पर बेटा और उसकी मां मौजूद थीं। वहां पहुंचकर युवती ने खुद पर पेट्रोल डाल आग लगा ली। युवती को जलते देख ग्रामीणों की भीड़ लग गई और आग बुझाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने घटना की सूचना यूपी 112 पर दी।
मौके पर पुलिस टीम पहुंची। बेटा और और उसकी मां गंभीर रूप से झुलसी युवती को लेकर सीएचसी कछौना पहुंचे। यहां चिकित्साधिकारी डा. मुकेश गुप्ता ने 95 फीसदी जलने की बात कह उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। दोनों उसे लखनऊ ले गए, जहां देर शाम उसने दम तोड़ दिया। शिक्षक ने बताया कि चार फरवरी 2019 को बेटे और युवती की गोदभराई व वरीक्षा हुई थी। 28 जनवरी को उनके साले का निधन हो गया था। वह परिवार के साथ ससुराल चले गए और इस दौरान उनकी लड़की पक्ष के लोगों से कोई बातचीत नहीं हुई। पता चला कि लड़की की शादी कहीं और तय कर दी गई।
इसके चलते ही शादी नहीं हुई। उधर दूसरी ओर ग्रामीणों में चर्चा है कि युवक और युवती के बीच फोन पर लगातार बातचीत हो रही थी। 10 दिन पहले युवक ने युवती से शादी करने से इनकार कर दिया। इसके चलते नाराजगी में युवती ने ये कदम उठाया। कछौना कोतवाल राय सिंह ने बताया कि पूरे घटनाक्रम पर कोई तहरीर नहीं मिली है।