फोटो-40-मासूम की गमगीन मां व अन्य। संवाद
पिहानी। कोतवाली क्षेत्र के पुरवा हफीजुद्दीनपुर में नानी के घर आई तीन माह की मासूम की बीमारी के कारण रविवार को मौत हो गई। मृतका के पिता ने हत्या किए जाने की सूचना पुलिस को दी तो खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस को हकीकत पता चली तब जिम्मेदारों ने राहत की सांस ली।
दरअसल मृतका के माता-पिता के बीच विवाद चल रहा है। पुरवा हफीजुद्दीनपुर निवासी रीना की शादी सात साल पहले लखीमपुर खीरी के मैगलगंज निवासी करुण कुमार के साथ हुई थी। दंपती के दो बच्चे पूर्वी (दो माह) और गौरव (5) हैं। रीना ने बताया कि दो माह पहले पति ने नशे में उसकी पिटाई कर बच्ची के साथ घर से निकाल दिया था। तब से वह मायके में रह रही है। पूर्वी की तबीयत खराब चल रही थी और महोली से इलाज चल रहा था। तीन चार दिन पहले हालत ज्यादा खराब होने पर करुण को सूचना दी गई लेकिन वह फिर भी नहीं आया। रविवार को पूर्वी की मौत हो गई। इस बीच करुण ने पिहानी कोतवाली में बच्ची की हत्या किए जाने की सूचना दे दी। इस पर कोतवाल एसएन सिंह मौके पर पहुंचे तो पता चला कि बीमारी से बच्ची की मौत हुई है। कोतवाल ने बताया कि बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।