विश्व स्तर पर 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
मनाने का निर्णय क्या हुआ, मानों हर ओर शिविरों के आयोजन की होड़ मच गई और
शिविरों के लिए लोग भी दौड़ पड़े। हाथ में पानी की बोतल और कंधेे पर चादर
डाले लोग भोर होते ही शिविरों की ओर चल दिए।
पहले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
पर रविवार को भोर होते ही जगह जगह शुरू हुए योग शिविरों का आयोजन देर रात
तक चला। कई संस्थाओं द्वारा लोगों के समय और सुविधा के अनुसार शिविर
आयोजित किए गए, जिसमें बच्चे और बूढ़ों के साथ जवान भी पीछे नहीं रहे।
शहर
में कई स्थानों पर कई संस्थाओं द्वारा योग शिविरों का आयोजन कर योगाभ्यास
कराते हुए योग के बारे में जानकारी दी गई। बाल विहार स्कूल में हुए शिविर
में टीचरों के अलावा बच्चों द्वारा भी भाग लिया गया। पालिकाध्यक्ष मीना
अग्रवाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
स्कूल के प्रबंधक अतुल अग्रवाल ने
सभी स्वागत किया और योग टीचरों ने योगाभ्यास कराया। बच्चों द्वारा
सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए। उधर, गांधी भवन परिसर में पतंजलि योग
समिति और भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के तत्वावधान में लगे शिविर का शुभारंभ
जिला जज नरेश जैन ने किया।
एडीएम लक्ष्मी शंकर सिंह तथा एमएलसी हृदय
नारायण दीक्षित ने योग पर विचार रखे। समिति के जिलाध्यक्ष हरिवंश सिंह ने
टीम के साथ योगाभ्यास कराते हुए ध्यान और प्राणायाम के बारे में बताया।
इसके पहले योग टीचरों एवं महिलाओं द्वारा गीत गाए गए।
इसके साथ ही यहां
श्री श्री रविशंकर की आर्ट आफ लिविंग संस्था के तत्वावधान में विशेष शिविर
लगा। संस्था के तत्वावधान में संयोजक पद्मराग सिंह यादव, आलोक श्रीवास्तव
तथा रेनू सचान आदि द्वारा चिकित्सकों, अफसरों, पुलिसकर्मियों,
मीडियाकर्मियों व उनके परिजनों के लिए श्रीशचंद्र अग्रवाल बारात घर में
अलग-अलग समय में शिविरों का आयोजन किया गया।
जिसमें संस्था की
अंतर्राष्ट्रीय टीचर डा. शारदा द्विवेदी द्वारा योगाभ्यास कराते हुए
सुदर्शन क्रिया के जरिए विशेष ध्यान संकेतकों से ध्यान कराया गया। आरआर
कालेज और बाल विद्या भवन परिसरों में योग शिविरों का आयोजन हुआ। आरएसएस के
तत्वावधान में आईटीआई परिसर में शिविर लगा।
संघ पदाधिकारियों के अलावा
स्वयं सेवकों आदि ने शिविर में भाग लिया और योगाभ्यास किया। इसके अलावा
अप्रवासी भारतीय भदैचा गांव के मूल निवासी वैज्ञानिक सतीश चंद्र मिश्रा
द्वारा अपने गांव में योगाभ्यास कराया गया। उधर, राम जूनियर हाईस्कूल में
योग शिविर का आयोजन हुआ।
इस मौके पर छात्रों के अलावा प्रधानाचार्य
रामेंद्र लाल श्रीवास्तव, ऋचा अग्रवाल, प्रवीण अवस्थी, सौरभ आदि मौजूद थे।
महर्षि विद्या मंदिर में भी योग शिविर का आयोजन हुआ। प्रधानाचार्य, टीचर और
बच्चों आदि ने योगाभ्यास किया। इससे पहले स्कूल के संस्थापक महर्षि महेश
योगी को नमन किया गया।
उधर, नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में शिविरों
का आयोजन हुआ। गायत्री परिवार के तत्वावधान में भी शिविरों का आयोजन हुआ,
तो शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डा. राजेंद्र दत्त मिश्रा के आश्रम पर भी योग
प्राणायाम पर चर्चा हुई। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष रामप्रकाश शुक्ला
समेत बड़ी संख्या में शहर के व्यापारी और उद्यमी आदि मौजूद थे।