शाहाबाद। नगर स्थित कोल्ड स्टोर पर मजदूरी करने वाले 14 श्रमिकों की समोसा खाने के बाद तबियत बिगड़ गई। सभी को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। कोल्ड स्टोर के कर्मी ने कोतवाली पहुंच कर दुकानदार के खिलाफ तहरीर दी है।
अल्हापुर के पास स्थित कोल्ड स्टोर के कर्मचारी राहुल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि कोल्ड स्टोर पर काम करने वाले महिला व पुरुष श्रमिकों के लिए रविवार को वह पाली मार्ग स्थित एक दुकान से समोसे लेकर आया था।
समोसा खाने के बाद श्रमिक रामजानकी, रामकुमारी, सुमन, मीना, मिसराइन, पुष्पा, लज्जावती, गोदावती, सहनूर, जितेंद्र, दिवांशु, बलबीर, दीनदयाल व पंकज की तबियत बिगड़ गई। वह उल्टियां करने लगे।
आनन-फानन में सभी को प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। बताया कि इसके बाद वह दुकानदार से शिकायत करने गया था तो दुकानदार ने उसके साथ अभद्रता की। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है जांच कर कार्यवाही की जाएगी।