हरदोई। करीब दो साल बाद संडीला में ठप पड़े आईटीआई भवन के काम को फिर से गति मिली है।
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम में संडीला में आईटीआई की स्थापना कराई जा रही है। दूसरी किस्त के रुपये न मिलने से करीब दो साल से काम ठप पड़ा था। अब रुपये मिलने के बाद कार्यदायी संस्था ने काम फिर से शुरू करा दिया है। इससे संडीला को जल्द ही आईटीआई भवन मिलने की आस है।
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम में अल्पसंख्यक बाहुल संडीला में आईटीआई की स्थापना कराई जा रही है। काम कराने की जिम्मेदारी उप्र समाज कल्याण निर्माण निगम को मिली है। आईटीआई की स्थापना के लिए शासन की तरफ से 11 करोड़, 23 लाख, 17 हजार रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी। शासन ने पहली किस्त में आठ करोड़, 85 लाख, 18 हजार रुपये भी दिए गए थे। कार्यदायी संस्था ने प्रक्रिया पूरी कराते हुए काम शुरू करा दिया था।
वहीं, पहली किस्त के बाद दूसरी किस्त के रुपये न मिलने से काम ठप हो गया था। पहली किस्त के उपभोग के साथ ही दूसरी किस्त की मांग की गई लेकिन रुपये नहीं मिल सके थे। तब अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के निदेशक ने पहली किस्त के उपभोग और दूसरी किस्त दिए जाने के लिए अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखा था। निदेशक के प्रयास पर दूसरी किस्त के रुपये शासन ने दिए हैं। इसमें तीन करोड़, 23 लाख, 58 हजार, 400 रुपये दे दिए हैं। इससे कार्यदायी संस्था ने काम फिर से शुरू करा दिया है।
-
संडीला में राजकीय आईटीआई स्थापना का ठप काम फिर से शुरू हो गया है। कार्यदायी संस्था ने इसकी रिपोर्ट भी दी है। काम जल्द पूरा होने की आस है। आईटीआई भवन बन जाने के बाद आधारभूत व्यवस्थाओं को जुटाया जाएगा। -सान्या छाबड़ा, मुख्य विकास अधिकारी