फोटो- 35- नर्सिंग स्टेशन से तीमारदारों को पर्ची पर लिखी गई दवा। संवाद
हरदोई। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध महिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं खुद वेंटिलेटर पर हैं। जरूरी दवाओं का इस कदर टोटा है कि दूर-दराज से आए मरीजों और उनके तीमारदारों को मामूली दवाओं के लिए भी भटकना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि नर्सिंग स्टेशन में भी मरीजों को दर्द निवारक इंजेक्शन और गर्भ जांचने वाली किट तक नहीं मिल रही। तीमारदारों को जेब ढीली कर मेडिकल स्टोर से दवाएं लानी पड़ रही हैं।
मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के तमाम दावों के उलट जमीनी हकीकत कुछ और ही है। फार्मेसी में दवाएं तो पूरी हो नहीं पा रहीं वहीं अब नर्सिंग स्टेशन में भी जरूरी दवाओं का टोटा बना हुआ है। बता दें कि महिला अस्पताल के नर्सिंग स्टेशन में कोई मरीज आता है तो नर्सिंग स्टाफ पर्ची पर दवाएं लिखकर दे देते हैं, तीमारदार बाहर के मेडिकल स्टोर से दवाएं लेकर आते हैं तब जाकर मरीज का उपचार शुरू हो पाता है। इनमें सबसे अधिक परेशानी गरीब तबके के मरीजों को होती है जो सरकारी अस्पताल में निशुल्क बेहतर इलाज का सपना लेकर आते हैं।
केस-1- बेनीगंज से आई एक महिला को पेट में दर्द होने पर परिजन महिला अस्पताल लेकर आए। नर्सिंग स्टाफ ने पेनटॉप और दर्द निवारक इंजेक्शन समेत जांच किट भी पर्ची पर लिख कर बाहर से लाने को कहा। तीमारदार महेंद्र ने बताया कि मेडिकल स्टोर से दवा लाने के बाद इलाज किया जा सका।
केस-2- पचकोहरा निवासी महिला को भी प्रसव पीड़ा के दौरान भर्ती कराया गया। प्रसव से पहले तीमारदारों को बाहर से लिखी दवाओं का पर्चा पकड़ा दिया गया। तीमारदारों को मजबूरी में मेडिकल स्टोर से दवाएं लाकर देनी पड़ीं। इसके बाद ऑपरेशन किया गया।
फार्मेसी में भी रहता दवाओं का अभाव
महिला अस्पताल में भी तमाम प्रमुख दवाओं का अभाव बना रहता है। गर्भावस्था के दौरान होने वाले हाइपरटेंशन को दूर करने के लिए दवाओं की कमी है तो विटामिन की आवश्यक दवाओं के लिए भी महिलाओं को कई बार बैरंग होना पड़ता है।
अस्पताल में दवाओं की कमी को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। जैसे ही दवाएं कम होती हैं डिमांड भेज दी जाती है। जल्द ही आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा। -डॉ. जेबी गोगाई, प्रधानाचार्य, मेडिकल कॉलेज