हरदोई जिले के मल्लावां में दहेज में जमीन व रुपयों की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने महिला को घर से निकाल दिया। महिला ढाई वर्ष से मायके में रह रही है। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के गांव बरहुंआ निवासी सोनी कनौजिया ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें बताया कि कस्बे के मोहल्ला बंदीपुर निवासी कमलेश कुमार के साथ 25 फरवरी 2019 को उसकी शादी हुई थी।
इस बीच उसने एक पुत्र को जन्म दिया। इसके कुछ दिन बाद से ही पति कमलेश कुमार, ससुर रविंद्र कुमार, सास उषा देवी, देवर अनुज कुमार व अनूप कुमार दहेज में ढाई लाख रुपये और मां व भाई के नाम पर दर्ज जमीन का आधा हिस्सा मांगकर प्रताड़ित करने लगे। मांग पूरी न होने पर ढाई वर्ष पहले मायके भेज दिया। कई बार विदा कराने की बात कही गई, लेकिन ससुरालीजन विदा न कराकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। कोतवाल शेषनाथ सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।