पाली। सवारियां लेकर जा रहे ई-रिक्शा और बाइक में टक्कर हो गई। घटना में ई-रिक्शा पर सवार महिला घायल हो गई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
लोनार कोतवाल क्षेत्र के धरार मजरा पकरी निवासी जमुना देवी (63) रविवार को पाली बाजार गई थी। शाम को बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के खनिगवां खुर्द निवासी राजेश के ई-रिक्शे पर बैठकर वापस घर जा रही थी। कछेलिया मार्ग पर अली हाजीपुर के पास पीछे से बाइक से आए नस्योली डामर निवासी अवनीश ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। घटना में ई-रिक्शा सवार जमुना देवी घायल हो गईं। उन्हें एंबुलेंस से शाहाबाद सीएचसी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र पांडेय ने बताया कि घटना के बाद चालक बाइक मौके पर छोड़कर भाग गया था। पंजीकरण संख्या के आधार पर बाइक चालक का पता किया गया और रिपोर्ट दर्ज की गई है।