गांव दताचोली खुर्द में महिला को घायल कर बुधवार को तड़के पहर लूटी गई भैंस को पालीमुकीमपुर पुलिस ने तीन घंटे में ही बरामद कर लिया। पुलिस ने लुटेरे को भी दबोचा है, जो उसी गांव का था। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। श्
गांव दताचाेली खुर्द निवासी नेकसी देवी पत्नी सूरजपाल सिंह बुधवार को तड़के पहर करीब तीन बजे अपने घेर में मवेशियों के पास सोई थीं, तभी एक बदमाश उनके घेर में घुसा और भैंस खोलकर ले जाने लगा। नेकसी देवी की आंख खुल गई। उन्होंने शोर मचाने का प्रयास किया तो बदमाश ने उनके सिर पर डंडे से जोरदार प्रहार किया। इससे वह अचेत होकर वहीं गिर गईं। इसके बाद आरोपी भैंस लेकर भाग गया। कुछ देर बाद होश आने पर नेकसी देवी ने शोर मचाया तो ग्रामीण एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर ऋषिपाल सिंह कसाना भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से जंगल में घेराबंदी की। बाजरा व ज्वार की बड़ी फसलों के कारण रात के अंधेरे में पुलिस को सफलता नहीं मिली, लेकिन सुबह करीब छह बजे उजाला होने पर पुलिस ने सर्च अभियान और तेज कर दिया। दताचोली बुजुर्ग के जंगलों में एक नलकूप के बरामदे में भैंस लेकर खड़ा बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए दताचोली खुर्द निवासी दुर्वेश पुत्र ओमपाल को दबोच लिया और भैंस व घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया। महिला का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है।