महोबा/खरेला। सुबह-शाम पड़ रही हल्की ठंडक का असर लोगों में दिखाई देने लगा है। शनिवार को सर्दी, जुकाम व बुखार से ग्रसित महिला की मौत हो गई। पिछले 24 घंटों में 10 लोगों की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती कराया गया। वहीं निजी क्लीनिकों में भी मौसमी बीमारियों के मरीजों की भरमार है। चिकित्सक ऐसे मौसम में बेहद सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
रविवार को अवकाश होने के चलते जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में सर्दी, खांसी, बुखार, पेटदर्द, उल्टी आदि के मरीजों की भीड़ जुटी। इनका इमरजेंसी में तैनात डॉ. शिशुपाल ने उपचार किया। बताया कि अधिकांश मरीज मौसमी बीमारियों से ग्रसित रहे। उधर 24 घंटे में बुखार, पेट दर्द, निमोनिया आदि से ग्रसित राधारानी, रामदीन, संध्या, बसंती, सनी, ज्योति, आकांक्षा, अच्छेलाल, गोविंद और सत्यम की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल के वार्डों में भर्ती कराया गया।
थाना खरेला के धवारी गांव निवासी मीरा (42) शाम को घर पर थीं। तभी अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन जिला अस्पताल लाने लगे लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। मृतका के बेटे चंद्रभान ने बताया कि मां दो दिन से सर्दी, जुकाम, बुखार से ग्रसित थीं। अचानक हालत बिगड़ने पर अस्पताल लाते समय दम तोड़ दिया। हालांकि परिजन पोस्टमार्टम कराए बगैर ही शव घर ले गए।
उधर जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सुरेश कुमार का कहना है कि सुबह-शाम पड़ रही ठंड से बचाव की आवश्यकता है। बच्चों व बुजुर्गों पर अधिक ध्यान दें। स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही कतई न बरतें। दिक्कत होने पर तत्काल चिकित्सक को दिखााएं।
-
संदिग्ध हालात में किसान की मौत
महोबा। कस्बा कबरई में एक किसान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मोहल्ला आंबेडकर नगर निवासी रंगीलाल कुशवाहा (65) चार बीघा भूमि में खेत में झोपड़ी बनाकर खेती-किसानी करते थे। शनिवार देर रात वह भोजन करने के लिए सो गए। अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। आसपास मौजूद किसानों ने घटना की जानकारी परिजन को दी। तब परिजन जिला अस्पताल लाने लगे लेकिन तब तक उन्होंने दम तोड़ दिया। उधर मृतक के बेटे रामखिलावन ने बताया कि खेत में बनी झोपड़ी में सोते समय अचानक हालत बिगड़ने पर पिता की मौत हुई है। घटना से परिजन गमगीन हो गए। हालांकि परिजन ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया।