फोटो-20-शिवरानी। स्रोत परिजन
फोटो-21-मृतका के परिजनों से जानकारी लेते कोतवाल वीरेंद्र पंकज। संवाद
फोटो-28-पलटी पड़ी ट्रैक्टर ट्राली। संवाद
- बेटे के साथ बाइक से बैंक से रुपये निकालकर लौट रही थी
- बघौली प्रतापनगर मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
बेनीगंज। बघौली प्रतापनगर मार्ग पर बाइक सवार मां बेटे को ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सड़क पर गिरी मां को रौंदते हुए ट्राली खंती में पलट गई। घटना में मां की मौके पर ही मौत हो गई। पुत्र मामूली रूप से चोटिल हुआ है। ट्रैक्टर चालक भी घटना में घायल हुआ है।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के अरमी गांव निवासी शिवरानी (60) 84 कोसी परिक्रमा में शुक्रवार शाम मिश्रिख जाना चाहती थी। सुबह लगभग दस बजे वह अपने पुत्र देशराज (30) के साथ बाइक से बरौली में स्थित बैंक रुपये निकालने के लिए गई थी। दस हजार रुपये निकालने के बाद मां बेटा बाइक से वापस गांव जा रहे थे।
बघौली प्रतापनगर मार्ग पर संदाना मोड़ के पास देशराज ने एक ऑटो को ओवरटेक किया और इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गया। घटना में शिवरानी ट्रैक्टर की तरफ गिरी, जबकि देशराज दूसरी तरफ गिरा। शिवरानी को ट्रैक्टर ने कुचल दिया और इसके बाद ट्राली खंती में पलट गई।
जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। ट्रैक्टर चालक बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के अटरा निवासी लख्मीचंद (28) भी घायल हुआ है। उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर ट्राली में गिट्टी लदी हुई थी। कोतवाल वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली पुलिस के कब्जे में है। परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।