हरदोई। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत पर विभाग ने 901 पीड़ित परिवारों के दर्द को कम करने का काम किया है। 901 परिवारों के मृतकों के आश्रितों के खातों में 2.70 करोड़ की राशि जारी की गई है।
सामाजिक सहायता कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में कमाऊ सदस्य की मौत पर मृतक के आश्रित को 30,000 की आर्थिक मदद दिए जाने की व्यवस्था है। विभाग ने प्राप्त आवेदनों के सत्यापन में पात्र पाए गए आवेदकों को लोकसभा चुनाव की अधिसूचना समाप्त होने के भुगतान की प्रक्रिया शुरु की थी। सत्यापन में पात्र पाए गए परिवारों में समाज कल्याण विभाग की ओर से दो बार में स्वीकृति जारी कराते हुए कुल 901 पीड़ित परिवारों को 2,70,30,000 रुपये आश्रितों के खातों में जारी किए गए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाकांत ने बताया कि मृतक के आश्रितों के खातों में 30-30 हजार रुपये के हिसाब से कोषागार के माध्यम से संबंधित के बैंक खातों में राशि हस्तांतरित कराई जा रही है। कहा कि सभी पात्र आवेदकों के मोबाइल पर भी राशि बैंक खातों में अंतरित होने का संदेश भी प्राप्त होगा।