संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। यूं तो कस्बा शाहाबाद के मोहल्ला खेड़ाबीबीजई बॉलीबुड अभिनेता अजीत कुमार की ससुराल से जानी जाती है। यहां के एक व्यक्ति ने अपने जुनून और हुनर के दम से फिर मोहल्ले को नई पहचान दिलाने का काम किया है। 12 साल की मेहनत से मिट्टी के ऊंचे टीला को काट-काटकर बेसमेंट सहित दो मंजिला गुफा के अंदर महल नुमा मकान बना दिया है। 11 कमरों के इस महल में बैठक, रसोई कक्ष के साथ ही इबादत के लिए मस्जिद भी बनाई है।
कस्बा के मोहल्ला खेड़ाबीबीजई में एक मिट्टी के ऊंचे टीले को अपने हुनर से तराशकर कस्बा के इरफान उर्फ पप्पू ने महल बना दिया है। अविवाहित इरफान के जुनून ने वर्ष 2011 में टीले को महल का रूप देने काम शुरू किया। करीब 12 साल की मेहनत के बाद बने महल में अभी वह खुरपी के सहारे के दीवारों में नक्काशी तराशते रहते हैं।
इरफान ने बताया कि उन्होंने इस काम किसी और की मदद नहीं ली है। जो काम किया है अपने हाथों से ही किया है। इस दो मंजिला महल के अंदर 11 कमरों के दरवाजाें को भी महल की तरह डिजाइन किया है। गैलरी में भी नक्कशी की है।
बाबा के नाम मशहूर हैं पप्पू, इसी में बिताते पूरा समय
इरफान उर्फ पप्पू को लोगों ने बाबा नाम दिया है। बाबा के नाम से मशहूर पप्पू अपना पूरा समय इसी गुफा में बनाए गए महल में बिताते हैं। उनके लिए यही सब कुछ है और वह रात में इसी के अंदर सोते हैं। बताया कि टीले पर एक कुआं भी बनाया था। कुछ लोगों ने कुआं को तोड़-फोड़ कर खराब कर दिया है।
-
साल 2010 से फकीर की तरह कर रहे जीवनयापन
इरफान उर्फ पप्पू ने साल 2010 तक एक आम इंसान की तरह जीवन बिताया। बताया कि पिता के निधन के बाद शाहाबाद क्षेत्र के एक चुनाव में भाग लिया। इसमें निराशा हाथ लगी। मां व अन्य सदस्य पैतृक घर में ही रहते हैं लेकिन, साल 2011 से फकीरी के जीवन में कदम रख लिया। घर-परिवार छोड़कर निर्जन स्थान पर इसी टीले में गुफा बनाने में जुट गए जो, अब एक महल की तरह बनकर तैयार हो गया। बताया कि टीले पास की ही बंजर भूमि को फावड़े से बराबर कर खेती योग्य बनाया है।