शराबी पति की पिटाई से पत्नी हुई बेहोश, ससुर को भी दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
- थाने के बाहर बेहोश पड़ी रही पत्नी
- बेटी के मुंडन संस्कार के बीच हुए बवाल से मची भगदड़
संवाद न्यूज एजेंसी
बघौली। बेटी के मुंडन संस्कार में शराब पीकर आए पिता ने पहले तो अपनी पत्नी को पीटा, उसे बचाने आए ससुर की भी दौड़ा दौड़ाकर पीटा। उसकी इस हरकत से वहां भगदड़ मच गई। पति की पिटाई से बेहोश पत्नी काफी देर तक थाना परिसर के बाहर अचेत अवस्था में रही। तहरीर पर पुलिस ने शराबी पति को हिरासत में लिया है।
सोमवार रात बघौली थाने के ककरहिया मजरा उमरापुर निवासी बब्लू की बेटी नैना का मुंडन संस्कार था। इसमें सभी नाते-रिश्तेदार शामिल होने आए थे। घर में खुशी का माहौल था। इसी बीच बब्लू शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी पत्नी पूजा (24) को पीटने लगा। पूजा की चीख सुनकर उसके पिता प्रभु दयाल (57) निवासी सहबदा थाना माधौगंज बचाने लगे। इस पर बब्लू ने उन्हें भी दौड़ा- दौड़ाकर पीटा। यह देख वहां पर मौजूद नाते-रिश्तेदारों में भगदड़ मच गई। खुशियों के बीच वहां चीख-पुकार मच गई। इसके बाद प्रभु दयाल बेटी पूजा को ले कर थाने पहुंचा। वहां काफी देर तक पूजा थाना परिसर के बाहर बेहोश पड़ी रही। पूजा की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति बब्लू को हिरासत में ले लिया है। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा था। थानाध्यक्ष ज्ञानेश दुबे का कहना है कि कार्रवाई की जा रही है।