बिजली चोरी करने वालों पर करें कार्रवाई
- पुलिस महानिदेशक पावर कारपोरेशन ने दिए निर्देश
- गरीब परिवारों को काउंसिलिंग के माध्यम से चोरी न करने के लिए करें प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
मल्लावां। जनपद स्तर पर बड़े स्तर पर बिजली चोरी करने वालों को चिह्नित करके कार्रवाई की जाए। लाइन लास का हर हाल में कम किया जाए। गरीब परिवार के लोगों की बिजली चोरी न करने के लिए काउंसिलिंग की जाए। यह निर्देश मंगलवार को उप्र पावर कारपोरेशन लिमिटेड के पुलिस महानिदेशक एसएन सावंत ने विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण करते हुए दिए।
उन्होंने कहा कि लोगों को केवाईसी करने और नियमित बिजली बिल जमा करने के लिए प्रेरित करें। जनपद की लाइनलास समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लाइनलास को हर संभव कम किया जाए, जिन फीडरों पर अधिक लाइनलास है। उसे कम करने के लिए कार्य योजना बनाई जाए। जो लोग बड़े स्तर पर बिजली चोरी कर रहे है। उनके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। गरीब परिवार के लोगों को समझाया जाए कि बिजली चोरी करने पर लाखों रुपये का जुर्माना लगता है। इसलिए कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपभोग करें। उनको बिजली चोरी की श्रेणी में आने वाले प्रावधान को बताया जाए। उपकेंद्र पर आने वाले उपभोक्ताओं की प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निस्तारण किया जाए। गर्मी को देखते हुए विद्युत लाइनें ठीक की जाए, ताकि तार टूटने की घटनाएं कम होने के साथ फसलों को भी बचाया जा सके। इस दौरान अधिशासी अभियंता विक्रम गंगवार, उपखंड अधिकारी कुलदीप शिवहरे, एंटी करप्शन इंस्पेक्टर अरविंद कुमार राय, विजिलेंस उपनिरीक्षक अखिलेश मिश्रा, अवर अभियंता एहतशाम मौजूद रहे।