हरदोई। पत्नी को विदा कराने ससुराल गए युवक का शव देहात कोतवाली क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। प्राथमिक जांच में पत्नी के साथ वापस नहीं आने से ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी किए जाने की बात पुलिस को पता चली है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के धस्सेपुरवा मजरा कौंढ़ा निवासी उपदेश (30) मजदूरी करता था। उनकी शादी तीन साल पहले मझिला थाना क्षेत्र के बढ़ैयनपुरवा गांव निवासी युवती के साथ हुई थी। पिछले 20 दिन से पत्नी बेटे के साथ मायके में रह रही थी। सोमवार को उपदेश पत्नी को विदा कराने के लिए ससुराल गया था। पत्नी ने घर आने से इनकार कर दिया।
सोमवार को ससुराल से वापस आया उपदेश घर नहीं पहुंचा। इधर-उधर भटकता रहा। सोमवार रात लगभग 11 बजे उसका शव लखनऊ-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर देहात कोतवाली क्षेत्र में सेवा गांव के पास पड़ा मिला। कुछ ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि युवक ट्रेन के आगे कूद गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देहात कोतवाल अनिल सैनी ने बताया कि पत्नी को ससुराल से विदा कराने के लिए उपदेश गया था। वह वापस नहीं आई और इसी के कारण उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। परिजनों ने घटना को लेकर कोई तहरीर नहीं दी है।