पिछले चार दिनों से 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहे पारे ने लोगों को बेहाल कर दिया है। बुधवार को पारा बीते दिन की अपेक्षा 1.5 डिग्री चढ़कर 45 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे लोग गर्मी से बिलबिला उठे।
वहीं गर्म अंधड़ चलने से लोग आंखों पर चश्मा आदि लगाकर धूल से बचते नजर आए तो कुछ सिर पर अंगौछा आदि लपेटकर गर्मी से बचते रहे। बुधवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। ऐसे में लोग अब गर्मी से निजात पाने के लिए भगवान से बारिश की प्रार्थना कर रहे हैं।
बुधवार को गर्म हवाएं चलने से लोग देर शाम तक पसीना-पसीना होते रहे। तपती दोपहरी से परेशान लोग बारिश की उम्मीद लगाए हुए हैं। मौसम वेधशाला के प्रभारी जयशंकर मिश्र ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
दस किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं पछुआ हवाओं ने लोगों को उमस से और भी परेशान किया। उन्होंने बताया कि उमस बढ़ने के कारण बारिश के आसार बन रहे हैं।